प्रियंका गांधी के संसद में पहले भाषण के एक दिन बाद पीएम नरेंद्र मोदी आज संविधान पर बोलेंगे। प्रधानमंत्री लोकसभा में संविधान पर चल रही बहस का जवाब दे सकते हैं। इससे एक दिन पहले कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर संविधान को संघ की नियम पुस्तिका ‘संघविधान’ बनाने का आरोप लगाया था।
राजनाथ ने की थी शुरुआत
बता दें कि बीते दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संविधान पर चर्चा की शुरुआत की थी। राजनाथ ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था कि कुछ लोगों ने ये मान लिया था कि संविधान एक ही पार्टी की देन है, लेकिन ये कई महान हस्तियों की मेहनत का परिणाम है।
महुआ की टिप्पणी से लोकसभा में हंगामा
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा न्यायिक अधिकारी की मौत का जिक्र किए जाने पर शुक्रवार को लोकसभा में हंगामा मच गया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उन पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय किए गए मामले को उठाने का आरोप लगाया और “उचित संसदीय कार्रवाई” की चेतावनी दी।
