Chhattisgarh Local Body Election 2025: छतीसगढ़ नगर निकाय चुनाव अधिकारियों के मुताबिक बसना नगर पंचायत के अध्यक्ष और विभिन्न नगर निकायों के 32 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं.
Chhattisgarh Local Body Election 2025 Voting: छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह 8 बजे से 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों सहित 173 नगर निकायों के लिए मतदान जारी है. मतदाता शाम पांच बजे तक अपना वोट डाल सकते हैं. शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए भारी संख्या में पुलिसकर्मी और सुरक्षा बलों के जवान मतदान केंद्रों पर तैनात किए गए हैं.
नगर निकायों के चुनाव और उपचुनाव में 10 हजार से अधिक उम्मीदवारों का भाग्य आज ईवीएम में बंद हो जाएगा. आज 44,90,360 मतदाता वोटिंग करेंगे. इनमें 22,08,625 पुरुष, 22,81,226 महिलाएं और 509 ‘थर्ड जेंडर’ मतदाता शामिल हैं.

मतदान के लिए बनाए गए 5970 केंद्र
चुनाव अधिकारी के मुताबिक नगर निकायों के चुनाव के लिए कुल 5,970 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 1,531 संवेदनशील और 132 अति संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किए गए हैं. इसी तरह पांच वार्डों के उपचुनाव के लिए 22 मतदान केंद्र बनाए गए हैं.
सुरक्षा के सख्त इंतजाम
उन्होंने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
32 पार्षद निर्विरोध चुनाव जीते
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक बसना नगर पंचायत के अध्यक्ष और विभिन्न नगर निकायों के 32 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. इन सीटों पर कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं था.
कांग्रेस-बीजेपी के टक्कर
नगर निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है, लेकिन बड़ी संख्या में निर्दलीय और बागी उम्मीदवार दोनों पार्टी के उम्मीदवारों के लिए बड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं. बागी उम्मीदवार नगरीय निकाय चुनाव में समीकरण बदलने की क्षमता रखते हैं. नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना 15 फरवरी को होगी.
रायपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए बीजेपी ने पार्षद और रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे को चुनाव मैदान में उतारा है. कांग्रेस ने पूर्व महापौर प्रमोद दुबे की पत्नी दीप्ति दुबे पर भरोसा जताया है. चौबे और दुबे के मध्य सीधे मुकाबले की संभावना जताई जा रही है.
राजनांदगांव नगर निगम में मेयर पद के लिए बीजेपी ने पूर्व सांसद मधुसूदन यादव को तथा कांग्रेस ने निखिल द्विवेदी को अपना उम्मीदवार बनाया है. उत्तर क्षेत्र के अंबिकापुर नगर निगम में मेयर पद के लिए दो बार के मेयर रहे कांग्रेस के डॉ. अजय तिर्की का मुकाबला बीजेपी की मंजूषा भगत से है.
सीएम ने मांगे ट्रिपल इंजन सरकार के लिए वोट
दोनों प्रमुख दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए तीन सप्ताह तक व्यापक प्रचार किया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीजेपी के लिए चुनाव प्रचार अभियान का नेतृत्व किया. उन्होंने अपने पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में राज्य के प्रमुख नगरीय निकायों में जनसभा की और रोड शो किया. साय ने इस दौरान ‘ट्रिपल-इंजन’ सरकार (केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों में भाजपा शासन) के लिए वोट मांगे.
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता चरण दास महंत ने कांग्रेस के अभियान का नेतृत्व किया.
2020 में कांग्रेस ने 10 निगमों पर किया था कब्जा
इससे पहले 2019-2020 में हुए निकाय चुनावों में राज्य में तत्कालीन सत्तारूढ़ कांग्रेस ने इन सभी 10 नगर निगमों में महापौर पदों पर कब्जा कर लिया था. छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग के मुताबिक राज्य में नगर निकायों के चुनाव के साथ ही सुकमा और दुर्ग नगर निकायों के पांच वार्डों के उपचुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है.
जगदलपुर के 48 वार्डो में 124 मतदान केंद्र
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर नगर निगम और बस्तर नगर पंचायत चुनाव के लिए 11 फरवरी को मतदातन जारी है. जगदलपुर निगम और बस्तर नगर पंचायत का समय से मतदान शुरू कराने के लिए सोमवार को धरमपुरा स्थित मॉडल कालेज में स्थापित स्ट्रांग रूम से मतदान दलों को तय स्थानों के लिए रवाना किया था.
जगदलपुर नगर निगम के अंर्तगत 48 वार्डो में 124 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. 1 लाख 436 मतदाता महापौर और पार्षदों के भाग्य का फैसला करेंगे. बस्तर नगर पंचायत में 7 हजार 776 मतदाता अध्यक्ष और पार्षदों के भाग्य का फैसला करेंगे.
बस्तर में 15 पोलिंग स्टेशन
बस्तर नगर पंचायत में 15 वार्ड हैं. यहां कुल 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. प्रत्येक मतदान केंद्र में 4 मतदानकर्मियों को नियुक्त किया गया है. जिले के नगरीय निकाय क्षेत्रों में कुल 556 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. साथ ही 100 की संख्या में कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है.
किरण देव का सभी नगरीय निकायों में जीत का दावा
छत्तीसगढ़ बीजेपी अध्यक्ष किरण देव ने परिवार के सदस्यों के साथ मतदान किया. मतदान के बाद उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 10 नगरीय निकाय में जीत को लेकर पार्टी पूरी तरह से आश्वस्त है. एक साल के अंदर बीजेपी ने अपने सभी वायदे पूरे किए हैं. विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच काम कर रहे हैं. बीजपी ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है. पार्टी को निश्चित तौर पर इसका फायदा मिलेगा. जगदलपुर समेत पूरे नगरीय निकाय में बीजेपी की जीत होगी.
