राज्य ब्यूरो, रायपुरl राज्य सरकार ने प्रदेश के 10 नगर निगमों में प्रशासकों की नियुक्ति का आदेश जारी किया है। ये प्रशासक निगमों का निर्वाचन कार्यकाल खत्म होते ही अपनी जिम्मेदारी संभाल लेंगे। जिला कलेक्टरों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। 29 वर्षों बाद ऐसा हो रहा कि निगमों की जिम्मेदारी प्रशासकों के हाथों होगी।
विधानसभा में छत्तीसगढ़ नगर पालिका संशोधन विधयेक भी पारित हो चुका है। जानकारी के अनुसार, राज्य निर्माण से पहले जब मध्य प्रदेश सरकार थी, उस दौरान छत्तीसगढ़ के रायपुर सहित कुछ अन्य जिलों में प्रशासक नियुक्त किए गए थे। कई वर्षों तक यहां प्रशासकों ने ही निगम की कमान संभाली थी।
दूसरी ओर नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने कार्यक्रम जारी किया है। एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वालों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाना है। छह जनवरी तक दावा-आपत्ति और दावा-आपत्ति निपटाने की तारीख नौ जनवरी है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी को किया जाना है।
